राजभाषा विभाग द्वारा क्षेत्रीय रेल स्तर पर हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन एवं हिंदी निबंध तथा वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन
राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रचनात्मक सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार के निर्देशानुसार और मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री शशिकांत सिंह के मार्गदर्शन में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के राजभाषा विभाग द्वारा क्षेत्रीय रेल स्तर पर हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन एवं हिंदी निबंध तथा वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में महाप्रबंधक कार्यालय सहित सभी मंडलों और कारखानों में कार्यरत कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया। 'भारतीय रेल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उपाय' विषय पर आयोजित़ हिंदी वाक् प्रतियोगिता में मुख्यालय, मंडलों एवं कारखानों के प्रतिभागी उपस्थित थे। प्रतिभागी कर्मचारियों ने भारतीय रेल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा बदलते हुए समय के अनुरूप आय में वृद्धि और खर्च में कमी के विभिन्न पहलुओं को रेखांकित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री शशिकांत सिंह ने कहा कि वाक् प्रतियोगिता में वक्ताओं को विषय की सम्यक समझ होनी चाहिए और सटीक तथ्यों के साथ-साथ स्पष्ट अभिव्यक्ति भी होनी चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि भारतीय रेल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आय और व्यय के विभिन्न कारकों का गहराई से विश्लेषण किया जाना चाहिए क्योंकि भारतीय रेल को न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाना अपेक्षित है, बल्कि इसे नए और आत्मनिर्भर भारत की समग्र अवधारणा को साकार करने में भी अग्रगामी भूमिका निभानी है। इस अवसर पर निर्णायक के रूप में उपस्थित उप मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय रेल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने ऋणों को कम करना होगा तथा अनुसंधान और विकास के स्तर को भी बढ़ाना होगा। श्री सिंह ने कहा कि इसके लिए देशी और विदेशी पर्यटकों को बढ़ाने के साथ-साथ ही रेलवे की भूमि का व्यावसायिक उपयोग और विज्ञापन और प्रचार कार्य जैसे बिंदुओं पर भी ध्यान दिया जाना आवश्यक है। इस प्रतियोगिता में श्री एम. एस. नजमी, वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर/टेली., निर्माण संगठन, मुख्यालय को प्रथम स्थान, श्री अजय प्रकाश, तकनीशियन, डीजल शेड, झाँसी को द्वितीय स्थान तथा सुश्री कुमारी किशोरी, कार्यालय अधीक्षक, यांत्रिक विभाग, मुख्यालय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त श्री श्रीकृष्ण शुक्ला, वाणिज्य निरीक्षक, वाणिज्य विभाग, मुख्यालय, श्री ओम कुमार कश्यप, तकनीशियन, सिथौली कारखाना एवं श्री दीपक कुमार, लोको पायलट, आगरा को प्रेरणा पुरस्कार के लिए पात्र घोषित किया गया। उक्त प्रतियोगिता के पहले 'आजादी का अमृत महोत्सव – भारतीय रेल के बढ़ते कदम' विषय पर निबंध प्रतियोगिता तथा हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।