उत्तर मध्य रेलवे मे राजभाषा प्रदर्शनी का आयोजन
दर्शाए गए कार्मिक विभाग में किए जा रहे राजभाषा हिंदी के कार्य
उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा के प्रयोग–प्रसार में बहुआयामी प्रगति के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार के निर्देशानुसार उत्तर मध्य रेलवे महाप्रबंधक कार्यालय में कार्मिक विभाग में किए जा रहे राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार की प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में कार्मिक विभाग द्वारा हिंदी में किए जा रहे कार्यों की आकर्षक प्रस्तुति की गई। मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री शशिकांत सिंह तथा प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री अवधेश कुमार द्वारा मंगल दीप प्रज्ज्वलित कर इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण से संबंधित मदों के अनुसार कार्मिक विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री शशिकांत सिंह ने कहा कि हमारी रेलवे और कार्यालय पूरी तरह हिंदीभाषी क्षेत्र में है, अत: हमें कर्तव्य भावना के साथ अपने सरकारी कार्यों में हिंदी का ही प्रयोग करना चाहिए। श्री सिंह ने कार्मिक विभाग द्वारा किए जा रहे राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग-प्रसार की सराहना की। प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री अवधेश कुमार ने कहा कि कार्मिक विभाग राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और हिंदी में शत प्रतिशत कार्य के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। इस अवसर पर उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी/वित्त और बजट श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित थे। राजभाषा प्रदर्शनी का संयोजन एवं समन्वय उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/मुख्यालय श्री ब्रजेश कुमार चतुर्वेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री चन्द्र भूषण पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम में कार्मिक विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग-प्रसार और आकर्षक एवं सुरुचिपूर्ण प्रस्तुति के लिए मुख्य राजभाषा अधिकारी द्वारा कार्मिक विभाग को रु. 11000/- का समूह पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की गई।