रेल सुरक्षा बल द्वारा किए जा रहे राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार के कार्यों की प्रदर्शनी का आयोजन
उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा के प्रयोग–प्रसार में बहुआयामी प्रगति के उद्देश्य से महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार के निर्देशानुसार महाप्रबंधक कार्यालय में रेल सुरक्षा बल विभाग में किए जा रहे राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार की प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में रेल सुरक्षा विभाग विभाग द्वारा हिंदी में किए जा रहे कार्यों की आकर्षक प्रस्तुति की गई।
मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री शशि कांत सिंह तथा मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल श्री रमेश चन्द्र द्वारा मंगल दीप प्रज्ज्वलित कर इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण से संबंधित मदों के अनुसार रेल सुरक्षा बल विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री शशिकांत सिंह ने कहा कि हमारी रेलवे और कार्यालय पूरी तरह हिंदीभाषी क्षेत्र में है,अत: हमें कर्तव्य भावना के साथ अपने सरकारी कार्यों में हिंदी का ही प्रयोग करना चाहिए। श्री सिंह ने रेल सुरक्षा बल विभाग द्वारा किए जा रहे राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग-प्रसार की सराहना की। मुख्य सुरक्षा आयुक्त, श्री रमेश चन्द्र ने कहा कि रेल सुरक्षा बल विभाग राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और हिंदी में लगभग शत प्रतिशत कार्य के लिए निरंतर प्रयत्नशील है।
राजभाषा प्रदर्शनी का संयोजन एवं समन्वय स्टाफ अधिकारी श्री एम.के. खान द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री चन्द्रभूषण पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम में रेल सुरक्षा बल विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। रेल सुरक्षा बल विभाग द्वारा राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग-प्रसार और आकर्षक एवं सुरुचिपूर्ण प्रस्तुति की गई।