हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर मध्य रेलवे के मुख्यालय में 14 सितंबर से आयोजित राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आज ऑन लाइन''स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता''का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में महाप्रबंधक कार्यालय सहित मंडलों एवं कारखानों के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह से भाग लिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने समसामयिक एवं सामाजिक सरोकार से संबंधित विषयों पर गीत, गजल, कविता के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।
इस प्रतियोगिता में वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी श्री आदित्य जोशी तथा मुख्य मोटिव पावर इंजीनियर/डीजल श्री बृजेश कुमार पाण्डेय निर्णायक के रूप में उपस्थित थे। इस प्रतियोगिता में श्री जितेन्द्र कुमार द्विवेदी, लेखा सहायक, प्रयागराज मंडल को प्रथम स्थान, श्री धर्मेन्द्र कुमार, लोको पायलट गुड्स को द्वितीय स्थान तथा श्री आर. के. पाण्डेय, वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर/बिजली, प्रयागराज मंडल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने प्रतियोगिता के उपरांत प्रतिभागियों के काव्यपाठ हेतु चुने गए विषयों की सराहना की। इस प्रतियोगिता का संचालन राजभाषा अधिकारी श्री यथार्थ पाण्डेय द्वारा किया गया तथा वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी, चन्द्र भूषण पाण्डेय द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इस अवसर पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी श्री आदित्य जोशी ने कहा कि कविता में नए प्रयोग एवं युगीन भाषा होनी चाहिए। कविता को पढ़ने और सुनने के बीच फासला नहीं होना चाहिए। आज के युग में कविता में केवल उपदेशात्मकता स्वीकार्य नहीं है। इसमें समसामयिक मुद्देों और विषयों के निदान की भी पहल होनी चाहिए। इस क्रम में दूसरे निर्णायक मुख्य मोटिव पावर इंजीनियर/डीजल श्री बृजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि उपस्थित प्रतियोगियों की काव्य प्रतिभा और अभिरुचि यह दर्शाती है कि हमारी रेलवे में बहुत से प्रतिभाशाली कवि और साहित्यकार रेलकर्मी हैं, जिनमें निरंतर उत्कृष्ट रचनाशीलता की बड़ी संभावनाएं हैं। कविता में व्यंजना और लक्षण शक्ति का महत्व सर्वोपरि होता है और यही एक श्रेष्ठ कवि का परिचायक होता है।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्यालय में 14 सितंबर से आयोजित राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत 27 सितंबर को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को तत्काल नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।