भारतीय रेल पूंजीगत व्यय में अग्रणी
भारत सरकार के 54 बड़े केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में पूंजीगत व्यय में भारतीय रेल सर्वाधिक व्यय वाला विभाग हो गया है। भारत सरकार सभी सरकारी विभागों के माध्यम से राष्ट्र में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रयासरत है।
इसी क्रम में भारतीय रेल ने वर्ष 2023-24 के पूंजीगत व्यय लक्ष्य रु 2.44 ट्रिलियन में से अबतक लगभग रु 1.13 ट्रिलियन (46.6 प्रतिशत) खर्च किया है। भारतीय रेल के बाद हाई वे निर्माण में 46.4 प्रतिशत का फंड प्रयोग किया गया है।
ज्ञात हो कि,केंद्रीय बजट में वर्तमान वर्ष में उत्तर प्रदेश के लिए रिकॉर्ड 17,507 करोड़ रुपए का एलोकेशन किया गया है। यह वर्ष 2009-14 में किए गए औसत वार्षिक आवंटन से 15.78 गुना अधिक है। इसके फलस्वरूप ही रेल में चतुर्दिक विकास हो रहा है और संपूर्ण विद्युतीकरण, दोहरीकरण/तिहरीकरण/ चौथी लाइन, ट्रैक अपग्रेडेशन, गति संवर्धन, नई गाड़ियों का संचालन, नई लाइन गेज परिवर्तन तथा स्टेशन विकास के कार्यो को प्राथमिकता पर किया जा रहा है।